रांची। शहर को अतिक्रमणमुक्त बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने बुधवार को विभिन्न इलाकों में अभियान चलाया। इस दौरान निगम की टीम ने सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए अवैध होर्डिंग, संरचनाओं और कियोस्क को हटाया। अभियान में 30 से अधिक कियोस्क समेत कई अवैध होर्डिंग हटाए गए।
सेटेलाइट चौक के पास दो गैराज हटाए
नगर निगम की टीम ने सेटेलाइट चौक (डीपीएस चौक) के पास अवैध रूप से संचालित किए जा रहे दो गैराजों को हटाया। निगम के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर अनधिकृत कब्जे के कारण वहां आवागमन प्रभावित हो रहा था।
जलसा सामुदायिक भवन के पास भी कार्रवाई
वार्ड संख्या 44 के दर्जी मोहल्ला स्थित जलसा सामुदायिक भवन के ऊपर अवैध रूप से लगाए गए तीन यूनिट होर्डिंग में से एक यूनिट को काटकर हटा दिया गया। नगर निगम ने अन्य अवैध होर्डिंग के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
खेलगांव क्षेत्र में चार अवैध होर्डिंग हटाए
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान खेलगांव क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। यहां सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए चार अवैध होर्डिंग को काटकर हटाया गया।
बरियातू रोड पर हटाए गए 30 से अधिक कियोस्क
नगर निगम की टीम ने बरियातू रोड पर सड़क के डिवाइडर पर बनाए गए 30 से अधिक कियोस्क को हटाया। निगम के मुताबिक, इन अस्थायी संरचनाओं के कारण सड़क सुरक्षा, वाहन चालकों की दृश्यता और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
अवैध होर्डिंग और अतिक्रमण पर आगे भी कार्रवाई
नगर निगम ने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और प्रमुख यातायात मार्गों पर अनधिकृत तरीके से लगाए गए होर्डिंग, मोनोपोल और अन्य अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। निगम का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के साथ सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त करना है।

