पूर्वी सिंहभूम। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला से बाइक सवार अपराधियों ने सोने की चेन छीन ली। अचानक हुई इस वारदात के दौरान महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बाइक से मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बाराद्वारी निवासी बुजुर्ग महिला तरुणा झा सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं। वह घर से कुछ ही दूरी पर पहुंची थीं, तभी बाइक सवार दो अपराधी उनके पास पहुंचे और मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली। अचानक हुई छीना-झपटी से महिला अपना संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर गईं। इस दौरान उन्हें चोट भी लगी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने महिला को संभाला और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सीतारामडेरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दोनों संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही उनके भागने की दिशा और संभावित ठिकानों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

