पूर्वी सिंहभूम: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर में एक परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार देर रात हुई घटना में विनोद गुप्ता का कच्चा मकान ढह गया, जिससे पूरा परिवार बेघर हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, विनोद गुप्ता के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। उनकी मां का दो दिन पहले निधन हुआ था, जिसके कारण घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का आना-जाना लगा हुआ था। इसी बीच बुधवार रात करीब 12 बजे लगातार बारिश के कारण पड़ोसी के मकान की दीवार उनके घर पर गिर गई। दीवार के गिरते ही पूरा कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे के बाद परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही हल्दीपोखर पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज मौके पर पहुंचीं और प्रभावित परिवार से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कई परिवार अब तक सहायता का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाना चाहिए, ताकि इस वर्ष प्रभावित हुए परिवारों को समय पर राहत मिल सके।
पीड़ित विनोद गुप्ता ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की अपील करते हुए कहा कि परिवार अभी उनकी मां के निधन के सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब सिर से छत भी छिन गई। उन्होंने सरकार से घर के पुनर्निर्माण के लिए मदद देने की मांग की। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

