रांची। झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार से राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। इस बीच रांची मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने कुल 11 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना है। वहीं रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी और बोकारो के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है।
राज्य के अन्य जिलों में भी आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है, लेकिन कुछ स्थानों पर अचानक बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत या सड़क पर खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही पेड़ के नीचे शरण लेने और बिजली के खंभों के आसपास रहने से भी बचने को कहा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 14 से 20 अगस्त के बीच झारखंड में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। 14 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है, जबकि 15 और 16 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 17 और 18 अगस्त के आसपास बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने की संभावना है। 19 अगस्त को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में राज्य में मॉनसून के सक्रिय रहने के आसार हैं।

