बरवाडीह:-सीआईसी सेक्शन के बरवाडीह रेल लाइन स्थित मंगरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से 50 वर्षीय रामु तुरी गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे में उनके दोनों पैर कट गये।घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। गंभीर रूप से घायल रामु तुरी, ग्राम बभनडीह निवासी, को तत्काल इलाज के लिए समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल बरवाडीह ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया।एमएमसीएच मेदिनीनगर पहुंचने के बाद उनकी स्थिति और बिगड़ गयी।चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।
हादसे से मची अफरा-तफरी
मंगरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर हुए हादसे के बाद काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। घटना की भयावहता को देखते हुए घटनास्थल की तस्वीरें साझा नहीं की गयीं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आयी है।
स्वास्थ्यकर्मियों ने किया इलाज
घायल के उपचार में डॉ अनुपमा एक्का, डॉ अमित कुमार सिंह, ड्रेसर राजेश चंद्र उर्फ बबलू, आभा रानी, निशा कुमारी, समीरा एक्का, हसीब अंसारी, लालमुनि देवी और तारा समेत स्वास्थ्यकर्मियों ने सहयोग किया।

