नई दिल्ली: आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस के पास फंड की भारी कमी है। अब कांग्रेस नेतृत्व ने मिशन ‘500 करोड़’ के तहत चंदा जुटाने की योजना बनाई है। 2 अक्तूबर गांधी जयंती से लेकर 19 नवम्बर इंदिरा गांधी की जयंती तक यह अभियान चलाया जाएगा। संगठन ने प्रत्येक बूथ कमेटी को 5000 रुपए डोनेशन जमा करने का टारेगट दिया है। इस तरह देशभर से करीब 10 लाख बूथों से 500 करोड़ रुपए जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। कांग्रेस के महासचिव अशोक गहलोत ने बताया कि संगठन की ओर से पहले भी घर-घर जाकर जनसंपर्क के जरिए चंदा जुटाने का अभियान चलाया जा चुका है। इस बार भी लोगों के बीच जाकर पैसा मांगेंगे, साथ ही राष्ट्रीय मुद्दों पर जनता से संवाद करेंगे।

कांग्रेस नेता के मुताबिक निचली इकाइयों को हर घर से 5, 10 रुपए तक जमा करने को कहा है। हाल में कांग्रेस के नए कोषाध्यक्ष बने अहमद पटेल ने सभी प्रदेश अध्यक्षों और कोषाध्यक्षों से दिल्ली में मुलाकात की थी। इसके बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अहमद पटेल और अशोक गहलोत ने प्रदेश अध्यक्षों और कोषाध्यक्षों से मंत्रणा की। इसके बाद घर-घर जाकर चंदा और जनसंपर्क की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। राजस्थान चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से ऑनलाइन डोनेशन भी मांगा जा रहा है। इससे पहले कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के एक प्रत्याशी ने ऑनलाइन डोनेशन मांगा था। दिल्ली में शासित आम आदमी पार्टी भी ऑनलाइन डोनेशन जुटाने में विख्यात है। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि चुनाव में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च हो सकता है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version