रांची/शंघाई। सीएम रघुवर दास ने कहा है कि झारखंड के प्रमुख शहर रांची, जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद का विकास चीन के शंघाई की तर्ज पर किया जायेगा। सीएम ने उक्त बातें रविवार को चीन के प्रमुख शहर शंघाई में अर्बन प्लानिंग म्यूजियम का भ्रमण करने के दौरान कहीं। सीएम के नेतृत्व में झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को शंघाई के अर्बन प्लानिंग म्यूजियम का भ्रमण किया।
शंघाई की अर्बन प्लानिंग बेहतरीन : म्यूजियम भ्रमण के दौरान सीएम के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल और झारखंड के नगर विकास मंत्री सीपी सिंह म्यूजियम की तसवीरें मोबाइल में कैद करते नजर आये। इस दौरान चीनी डेलीगेट्स ने सीएम के नेतृत्व में गये प्रतिनिधिमंडल को शंघाई के अर्बन प्लानिंग म्यूजियम की जानकारी दी। सीएम रघुवर दास ने ट्विटर एकाउंट में लिखा है कि शंघाई अर्बन प्लानिंग म्यूजियम के दौरे पर शंघाई शहर की प्लानिंग और विकास के बारे में जानकारी ली। शंघाई की अर्बन प्लानिंग बेहतरीन है। पहले भी शंघाई का भ्रमण किया हूं। लौटने के बाद झारखंड के रांची, जमशेदपुर, बोकारो, देवघर, हजारीबाग और धनबाद शहर को विकसित करने के लिए शंघाई के अर्बन प्लानिंग को लागू करने पर विचार करूंगा।
कई चीनी शहरों का भ्रमण करेंगे सीएम : खास बात यह है कि इस यात्रा में शंघाई समेत कई शहरों में सीएम रघुवर दास अपने मंत्रियों के साथ कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। यहां राजनीतिक चर्चा के साथ-साथ फूड प्रोसेसिंग, खेती के आधुनिक तरीके और पर्यटन को बढ़ावा देने पर बातचीत होगी। इसका दूरगामी परिणाम झारखंड में देखने को मिलेगा। बता दें कि सीएम रघुवर दास के नेतृत्व में ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, भू-राजस्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, विकास आयुक्त डीके तिवारी और सीएम के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल सात दिवसीय चीन यात्रा पर हैं।