रांची. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने सोमवार को भारत बंद का ऐलान किया है। बंद को कई संगठनों ने समर्थन दिया है। झारखंड में बंद का आंशिक असर नजर आ रहा है। राजधानी रांची में काफी कम ऑटो का संचालन किया जा रहा है। दुकानें भी अन्य दिनों की अपेक्षा कम खुलीं हैं। लंबी दूरी की बसों का संचालन बंद हैं। इधर, लगभग सभी स्कूलों ने भी छुट्टी की घोषणा कर दी है।
अब तक कहां क्या हुआ
>>गिरिडीह में भारत बंद के समर्थन में सड़क पर माले कार्यकर्ता उतर आए। सिमराडीह मोड़ के पास जीटी रोड जाम कर दिया। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद जाम हटवाया।
>>गिरिडीह के गांवां में भी बंद का व्यापक असर दिखा। सुबह से माले, झाविमो, झामुमो सहित कई पार्टी के कार्यकर्त्ता पहुंचे और सड़क को जाम कर दिया। वाहनों की लगी लंबी कतार लग गई।
>>बगोदर में बंद को सफल बनाने को लेकर बंद समर्थक जीटी रोड पर उतर आए और रोड जाम कर दिया।
>>दुमका में भारत बंद के तहत पोखरा चौक में बंद कराया गया। हंसडीहा में सुबह आठ बजे तक बंद का कोई असर नहीं दिखा। भागलपुर-दुमका पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित समय पर खुली।
>>बिहार की ओर से आने वाले वाहन हंसडीहा आ रहे हैं। जबकि गोड्डा, देवघर और दुमका की तरफ से हंसडीहा आने वाले वाहन की संख्या नगण्य है।
>>हंसडीहा में सभी दुकानें और डीएवी को छोड़ बाकी सभी स्कूल खुले हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर नोनीहाट, चन्द्रदीप, गंगवारा आदि जगहों पर पुलिस बल को तैनात रखा है।