खूंटी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को खूंटी के दतिया गांव में स्वच्छता सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत चौपाल लगा कर लोगों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाया। साथ ही हाथ में झाड़ू लेकर दतिया गांव में सफाई अभियान चलाया। तेज धूप और भीषण गर्मी के बाद भी चौपाल में बड़ी संख्या में जल सहिया, स्वयं सहायता समूह और आम लोगों ने भाग लिया। जल सहिया उषा देवी, जुबेदा खातून, दिलेश्वरी देवी ने शौचालय निर्माण में हो रही परेशानी और मानदेय पर चर्चा की। साथ ही, पहचान के लिए ड्रेस की भी मांग की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है। भगवान बिरसा मुंडा ने देश के लिए अपनी जान की कुर्बानी दे दी, लेकिन आप लोगों को जान नहीं देनी है, लोगों को जीना सिखाना है। उन्होंने कहा कि जल सहिया का कार्य देश सेवा का कार्य है। सेवा का कोई मूल्य नहीं होता और सेवा से बड़ा कोई काम नहीं होता है। सीएम ने कहा कि सिर्फ सरकार के भरोसे गांव का विकास संभव नहीं है। जनसहभागिता से ही गांव का विकास हो सकता है। आनेवाले दो अक्टूबर को झारखंड पूर्ण रूप से खुले में शौच मुक्त हो जायेगा।
वर्तमान में 86 फीसदी शौचालय निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। शेष 14 फीसदी शौचालय निर्माण दो अक्टूबर तक पूरा हो जायेगा। सीएम ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही विकास योजनाओं का बखान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खूंटी जिला को ओडीएफ बनाने में सबने प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया है। आगामी 27 सितंबर को उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू झारखंड आ रहे हैं। इसी दिन राज्य के पांच जिलों को ओडीएफ घोषित करना है, जिसमें खूंटी जिला भी शामिल है।
- प्रति शौचालय 75 रुपये प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि जल सहिया दीदीयों ने शौचालय निर्माण में अच्छा काम किया है। इनको राज्य सरकार प्रति शौचालय के निर्माण में 75 रुपये प्रोत्साहन राशि दे रही है। सहिया की भी पहचान आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका की तरह हो, इस पर सरकार विचार करेगी।
- स्कूलों में स्वच्छता का पाठ पढ़ायें
सीएम रघुवर दास ने कहा कि स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ बच्चों को स्वच्छता का पाठ अवश्य पढ़ायें। सभी स्कूलों में हर दिन 15 मिनट का समय सफाई कार्य पर शिक्षक एवं बच्चे अवश्य दें। बच्चों को अच्छा संस्कार दें, ताकि आगे चल कर वे अच्छा नागरिक बनें।
- झारखंड का नाम देश-दुनिया में रोशन
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 23 सितंबर को झारखंड का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा की धरती से विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत की। अब लोगों को इलाज में एक पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा।
- झारखंड का नाम देश-दुनिया में रोशन
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 23 सितंबर को झारखंड का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा की धरती से विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत की। अब लोगों को इलाज में एक पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 70 वर्ष बाद भी जनता की छोटी-छोटी आवश्यकता पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। हमारी सरकार ने बुनियादी आवश्यकता जैसे सड़क, शिक्षा, बिजली, पानी इत्यादि आवश्यकताओं पर फोकस किया है। नवंबर 2018 तक घर-घर बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता हैै। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ने उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया है। झारखंड सरकार गैस कनेक्शन के साथ-साथ चूल्हा भी नि:शुल्क दे रही है। पहली रिफिल का पैसा भी राज्य सरकार दे रही है।