रांची। अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान ‘हिका’ ने पूरे झारखंड के मौसम को बदल दिया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के साथ तेज हवा भी चल रही है। लगातार बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। अरब सागर की खाड़ी से चलने वाली नम हवाओं से देश के 18 राज्यों में अच्छी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। झारखंड में पिछले 24 घंटे में 14.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गयी। करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। मौसम विभाग के अनुसार ‘हिका’ तूफान के साथ ही कर्नाटक और तेलंगाना के ऊपर भी एक सिस्टम बना हुआ है, जिसकी वजह से यह और मजबूत हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक मौसम इसी प्रकार रहने की भविष्यवाणी की है।
लगातार बारिश से राज्य के मौसम का मिजाज बदल गया है। अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 28 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान हवा में आर्द्रता की मात्रा अधिकतम 96 और न्यूनतम 72 प्रतिशत रही।
इस बार अक्टूबर के पहले सप्ताह में विदा होगा मानसून
वैसे तो राज्य से मानसून जून से शुरू होकर सितंबर के अंतिम सप्ताह में विदा होता है, लेकिन हिका की वजह से इस बार यह पांचवें महीने यानी अक्टूबर तक रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो इस बार अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून विदा होगा। दशहरे के दौरान भी बारिश की भविष्यवाणी की गयी है। इस बार तीन अक्तूबर को हथिया नक्षत्र का प्रवेश हो रहा है और यह सात दिन तक रहेगा। इस दौरान भारी बारिश की भविष्यवाणी की गयी है।
हथिया नक्षत्र की बारिश खेती के लिए वरदान
इधर कृषि विशेषज्ञों ने कहा है कि दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश धान की फसल के लिए वरदान होगी। उन्होंने कहा कि यह मानसून की अंतिम बारिश है, जिसे हथिया नक्षत्र भी कहते है। यह बारिश फसलों के लिए अमृत है, जो धान के साथ सब्जी की फसल के लिए भी फायदेमंद है।
Previous Articleझारखंडियों की जमीन सुरक्षित नहीं : हेमंत
Next Article जमीन लूट जमींदार बन गये हेमंत सोरेन
Related Posts
Add A Comment