रांची। झारखंड हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अमिताभ कुमार गुप्ता राज्य विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष बने हैं। उन्हें राज्यपाल रमेश बैस ने गुरुवार को राजभवन के दरबार हॉल में शपथ दिलाई। साथ ही राज्यपाल ने उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, ऊर्जा विभाग प्रधान सचिव अविनाश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी, महाधिवक्ता राजीव रंजन सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष के परिजन उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि अमिताभ कुमार गुप्ता के चयन को लेकर इसी माह नौ सितंबर को अधिसूचना जारी की गई थी। शपथ ग्रहण के बाद वह आयोग में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी पांच वर्ष या 65 वर्ष की अधिकतम उम्र तक के लिए संभालेंगे।