-आजसू पार्टी का मिलन समारोह आयोजित, सैकड़ों युवाओं ने थामा पार्टी का दामन
रांची। राज्य सरकार की युवाओं को लेकर गलत नीतियों से प्रदेश के युवा परेशान हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद युवा नौकरी के लिए इधर उधर भटकने को मजबूर हैं। सरकार ना रिक्तपदों को भर पा रही है और ना रोजगार के अन्य विकल्प पर सोच रही है। सरकार के इसी रवैया से परेशान होकर राज्य के युवा राजनीतिक विकल्प ढूंढ रहे हैं। इसी कड़ी में आज भी विभिन्न जिलों से आये युवा पार्टी में शामिल हुए। उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने हरमू स्थित केंद्रीय कार्यलय में आयोजित मिलन समारोह में कहीं। इस दौरान खूंटी, बोकारो, रांची, हजारीबाग, गोड्डा जिले से आये सैकड़ों युवाओं ने थामा पार्टी का दामन।
पार्टी का उद्देश्य आम लोगों के बीच से नेतृत्वकर्ता तैयार करना है
उन्होंने पार्टी में शामिल हुए युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा नेतृत्व और नवीन सोच से राज्य के नवनिर्माण के लक्ष्य तक पहुंचा जा सकता है। राज्य के सभी युवाओं में नेतृत्व की क्षमता है जिसे तरासने और निखारने का प्लेटफार्म आजसू देगी। पार्टी का उद्देश्य आम लोगों के बीच से नेतृत्वकर्ता तैयार करना है। युवा अपने भविष्य के साथ-साथ राज्य के भविष्य के लिए भागीदार बन सकते हैं।
महाधिवेशन से जुड़ने के लिए 99905 99905 पर मिस कॉल करें
महाधिवेशन को लेकर श्री महतो ने कहा कि 29, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को होने वाले पार्टी के केंद्रीय महाधिवेशन का लक्ष्य राज्य के लोगों को एक मंच देना और संवाद से समाधान ढूढ़ना है। इस ऐतिहासिक महाधिवेशन में शामिल होने के लिए कोई भी यक्ति किसी भी जगह से 99905 99905 पर मिस कॉल दे कर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। अलग राज्य आंदोलन के वक़्त आजसू ने राज्य की बिखरी हुई शक्ति को एक करते हुए अलग राज्य के आंदोलन को परिणाम तक पहुंचाया था ठीक वैसे ही अब राज्य के नवनिर्माण के लिए आजसू राज्य के सभी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक विचारों को महाधिवेशन के माध्यम से एक विचार में पिरोने का काम करेंगे। महाधिवेशन राज्य के हित में सोचने वाले सभी लोगों के लिए एक खुला मंच होगा। जो भी व्यक्ति राज्य के हित के बारे में सोचते हैं वो अपने विचार इस मंच पर रख सकते हैं। अगर आप किसी कारणवश इस महाधिवेशन में शामिल नहीं हो पा रहे हैं तो वैसे लोग अपने विचार को वीडियो और आॅडियो के माध्यम से भी भेज सकते हैं। हम हर एक विचार को संग्रहित कर एक विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेंगे जिससे हमें राज्य के सर्वांगीण विकास से जुड़े मुद्दों पर काम करने में आसानी होगी। राज्य के जिन ज्वलंत मुद्दों पर सदन के अंदर चर्चा होनी चाहिए उन विषयों पर चर्चा नहीं हो पाती। इन विषयों पर सिर्फ सदन के बाहर ही चर्चा होती है जिससे राज्य की जनता का कोई लाभ नहीं है।
विनोद बाबू की 100वीं वर्षगांठ आज
पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता देव शरण भगत ने कहा कि शनिवार को विनोद बाबू की 100वीं वर्षगांठ के अवसर पर सभी विधानसभा और जिला में 100 सभाओं का आयोजन किया जायेगा जिस में विनोद बाबू के विचार पढ़ो और लड़ो के साथ-साथ अलग राज्य की सोच को जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जायेगा। 29 सितंबर से होने वाले तीन दिवसीय महाधिवेशन राज्यव्यापी सोच को एक आधार देने का मंच होगा। महाधिवेशन के पहले और दूसरे दिन बंगाल, ओड़िशा और झारखंड के केंद्रीय, जिला और प्रखंड के 8 हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इन्होंने ली सदस्यता
जब्बार खान और सिद्धार्थ सिंह की अगुवाई में रांची से अंकित पंद्रेवाल, संदीप कुमार, कुशेंद्र कुमार महतो, सर्वेश्वर महतो, संजय कुमार, हेमलता उपाध्याय, मधुशिमता गुड्डू, शोभा कुमारी, प्रभा कुमारी, सरिता कुमारी, संजू कुमारी, सीता कुमारी, सुनीता देवी, प्रियंका कुमारी, हजारीबाग से राहुल शर्मा, कृष्णा राणा, सुभाष शर्मा, खूंटी से बागो लकड़ा, बोकारो से चंदन हाजरा, गोड्डा से मदरा कुमार महतो एवं अन्य ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।