भाजपा नेता स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा को प्लास्टिक से ढका, मामला दर्ज
रांची। राजधानी रांची के बिरसा चौक के पास भाजपा नेता स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा को शनिवार को किसी ने प्लास्टिक से ढक दिया है। इसके बाद इस मामले को लेकर स्थानीय लोग काफी उग्र हो गये और मामले को लेकर थाना पहुंचे।
इस मामले को लेकर जगरनाथपुर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। रांची पुलिस ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया है और इस मामले में जो भी संलिप्त रहेंगे, उसके खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
भाजपा की नाराजगी
कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा को ढके जाने पर भाजपा ने नाराजगी जाहिर की है। भाजपा के विधि प्रकोष्ठ के संयोजक और अधिवक्ता सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में धुर्वा निवासी पंकज कुमार की ओर से अज्ञात लोगों को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस तरह से शरारती तत्वों ने प्रतिमा पर प्लास्टिक लपेट कर उसे बांध दिया, उससे लगता है कि प्रतिमा को नुकसान भी पहुंचाया गया होगा।
सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस के नेता रहे अजय तिर्की ने सोशल मीडिया पर संवाद देकर कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा को हटाने के लिए 25 अगस्त को भीड़ जुटायी थी, लेकिन तब प्रशासन के चौकस रहने की वजह से प्रतिमा को कोई नुकसान नहीं पहुंचा पाया था। झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा भी रांची में बिरसा चौक और पुरानी विधानसभा के बीच जगन्नाथपुर थाना के सामने वाले चौक पर भाजपा के बड़े नेताओं में से एक और राजस्थान के राज्यपाल रहे कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा लगाने का विरोध किया था। उनका कहना था कि कैलाशपति मिश्र का न तो देश की आजादी की लड़ाई में कोई योगदान था और न ही झारखंड निर्माण के आंदोलन में, फिर ऐसे में उनकी प्रतिमा लगाने का कोई औचित्य नहीं है।
गौरतलब है कि पिछले माह अगस्त में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा का अनावरण किया था। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि श्री मिश्र ने अपना जीवन राष्ट्र और पार्टी की सेवा के लिए समर्पित किया था।