रांची। केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और महाराष्ट्र के विधायक संजय गायकवाड़ द्वारा नेता विपक्ष राहुल गांधी पर की गयी अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो के नेतृत्व में प्रदर्शन और पुतला दहन परमवीर अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा स्थल के समीप किया गया। इससे पूर्व रांची महानगर कांग्रेस कमिटी और रांची जिला कांग्रेस कमिटी के संयुक्त तत्वावधान में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन से रोषपूर्ण मार्च निकाला। प्रधानमंत्री और गृह
मंत्री के इशारे पर राहुल गांधी की छवि खराब की जा रही है : कमलेश
इस मौके पर केशव महतो ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए जिसके परिवार के सदस्यों ने अपना बलिदान दिया है। ऐसे व्यक्ति के खिलाफ अमर्यादित और बिगड़े बोल कुंठित मानसिकता से ग्रसित व्यक्ति ही दे सकते हैं। राहुल गांधी की लोकप्रियता से भाजपा नेतृत्व इस कदर कुंठा का शिकार हो गया है कि उन्हें आतंकवादी बोलने और जीभ काट कर लाने वालों को पूरा प्रश्रय दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर राहुल गांधी की नकारात्मक छवि पेश करने की कोशिश की जा रही है। संविधान का भक्षण करने की मंशा रखने वाले भाजपा के लोगों को राहुल गांधी द्वारा देश की आबादी के अनुसार जनता को अधिकार देने की मांग करना गले से नहीं उतर रहा है।
उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री में तनिक भी नैतिकता बची है तो रवनीत बिट्टू को बर्खास्त करके गिरफ्तार किया जाये और महाराष्ट्र के शिवसेना विधायक के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर अविलंब गिरफ्तार किया जाये।
देश में तानाशाही चरम पर : रामेश्वर उरांव
कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि राहुल के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी और धमकी देने से यह साबित हो गया कि तानाशाही इस देश में चरम पर है और जनता के हक की आवाज उठाना गुनाह है। केंद्रीय मंत्री के पद पर बैठे मंत्रियों के बिगड़े बोल से स्पष्ट है कि मोदी जी का अपने मंत्रियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। महाराष्ट्र सरकार और भाजपा नेतृत्व को दोनों नेताओं पर अविलंब कार्रवाई करनी चाहिए।