घाटशीला। कोल्हान प्रमंडल के बहरागोड़ा में आयोजित ‘परिवर्तन सभा’ में अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को दावा किया कि यहां का माहौल देख कर मैं कह सकता हूं कि अंधेरा छंटेगा और कमल खिल कर रहेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में संकट है। हेमंत यानी की जेएमएम की सरकार और कांग्रेस की सरकार पर से लोगों का भरोसा खत्म हो चुका है। हेमंत सोरेन ने कहा था कि 5 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देंगे। 4 साल 10 महीना हो गये, लेकिन कुछ नहीं किया। अब चुनाव आया तो पुलिस की भर्ती की दौड़ कराने लगे, जिसमं अब तक 20 युवाओं की मौत हो गयी है। ये हादसा नहीं हत्या है। चौहान ने आगे कहा, हम भी चार साल मुख्यमंत्री रहे। किसी भर्ती के लिए इंटरनेट बंद नही किया।
ये पहली सरकार है, जिसने परीक्षा के लिए इंटरनेट बंद कर दिया। ये सरकार झारखंड क्या चलायेगी। आज झारखंड में माटी सुरक्षित नहीं है, बेटी सुरक्षित नहीं है और रोटी भी सुरक्षित नहीं है। बीजेपी नेता ने कहा, मैं वचन देता हूं कि झारखंड में भाजपा की सरकार बनायें, हम हर वर्ग का ख्याल रखने वाले हैं। कहा, हमारी सरकार में यहां की माटी भी सुरक्षित रहेगी, बेटी भी सुरक्षित रहेगी और रोटी भी सुरक्षित रहेगी। शिवराज ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार घुसपैठियों से यहां की माटी का सौदा कर रही है। बचा लीजिये इस अपने झारखंड को। मैं आपको वचन देता हूं कि इसके बाद कोई भी घुसपैठिया हमारी बेटी के ऊपर आंख उठा कर भी नहीं देख पायेगा। जो बेटियों के साथ दुराचार करेगा, उसे सीधा फांसी के फंदे पर लटका दिया जायेगा। यह हमारे रोजगार को छीनने का काम कर रहे हैं। इसे बदलने का काम आप कर सकते हैं। इसलिए सोच-समझ कर अपने वोट का प्रयोग करें।