गढ़वा। मुख्यमंत्री की पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि ये वही हेमंत सोरेन हैं, जिनको पांच महीने जेल में डाला था। इस योजना की शुरूआत हेमंत सोरेन ने पहले ही कर ली थी। आज आपको दूसरा किस्त मिल रही है। आज आपको 7वीं किस्त मिल रही होताी, लेकिन भाजपा वालों की वजह से ये योजना रूक गयी।
कल्पना ने कहा कि भाजपा वालों ने हेमंत सोरेन को जेल में नहीं डाला, बल्कि कल्याणकारी योजनाओं को जेल में डाल दिया। भाजपा वाले नहीं चाहते हैं कि हमारी माताओं बहनों के खाते में हजार टका आये। जैसे ही हमने मंईयां सम्मान योजना की पहली किस्त दी, वैसे ही बीजेपी के कुछ लोगों ने पीआइएल दायर कर दी। कल्पना सोरेन ने गढ़वा के बंशीधर नगर से सोमवार को मंईयां सम्मान यात्रा की शुरूआत करने के बाद सभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि आप इस योजना से खुश हैं या नहीं। यदि आप खुश हैं तो उनको दिखा देना है। जवाब उन लोगों को जो हिमाकत करते हैं हमारी बहनों की योजनाओं पर पीआइएल करने का। हमारी बहनों की योजनाओं पर पीआइएल दाखिल किया गया है। हम चेतावनी दे देना चाहते हैं कि झारखंड की जितनी भी योजनाए हैं, चाहे वह दीदियों के लिए हों, बेटियों के लिए हों, भाई-दादा के लिए हों ये योजनाएं ऐसी ही चलने वाली हैं। आप रोक सकते हैं तो रोक कर दिखाइए। क्योंकि मुझे पता है कि हमारे झारखंड की बहनें, झारखंड के भाई पूरे जोश के साथ लड़ रहे हैं हेमंत को मुख्यमंत्री बनाने के लिए।
इस दौरान उन्होंने स्टेज से पूछा कि किसकी सरकार बनेगी। जवाब में लोगों ने कहा हेमंत सोरेन की। फिर कल्पना सोरेन ने पूछा कि हेमंत सोरेन आपके क्या लगते हैं। लोगों ने जवाब दिया दादा लगते हैं। इस पर कल्पना सोरेन ने कहा कि हेमंत सोरेन को झारखंड का मुख्यमंत्री इसलिए बनाना है। वो इसलिए बनाना है कि अभी बहुत सारे नेता जो केंद्र में बैठे हुए हैं वो लोग झारखंड में मंडरा रहे हैं। वो बताने आ रहे हैं कि आदिवासी बेटा हेमंत सोरेन झारखंड के लिए कुछ नहीं कर रहा है, लेकिन अब झारखंड की जनता बतायेगी कि बाहर से आप सात से आठ जितने मुख्यमंत्री को लाना है ले आइए, लेकिन आने वाले साल में भी हेमंत सोरेन ही झारखंड के मुख्यमंत्री रहेंगे। क्योंकि, हेमंत सोरेन के साथ झारखंड की जनता खड़ी है।