रांची। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने झारखंड विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरने का फैसला किया है। यह निर्णय एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन सह मिलन समारोह में लिया गया। पार्टी के महासचिव डी राजा ने कहा कि भाकपा गठबंधन धर्म के पालन करेगी और राज्य में मजबूत गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का झारखंड में बहुत तेजी से उभार हो रहा है और सभी जिलों में मजबूत संगठन एवं सभी जन संगठन के नेतृत्व एवं कार्यकर्ता दिल जान से लगे हुए हैं।
पार्टी ने भूमि बैंक को रद्द करने, भूमिहीन लोगों को ढाई एकड़ जमीन खेती के लिए, 10 डिसमिल जमीन घर बनाने के लिए, झारखंड आंदोलनकारी को 50000 रूपये सम्मान राशि, सभी झारखंड आंदोलनकारी के घर में एक व्यक्ति की नौकरी और 10 प्रतिशत आरक्षण को लेकर अभियान चलाने का फैसला किया है।
भाकपा के राज्य सचिव महेंद्र पाठक ने कहा कि पार्टी आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से घर-घर अभियान चलाएगी और जनता के बीच जाकर चुनाव की तैयारी एवं वोट मांगेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के लोग उत्साहित हैं और हमारी पार्टी पूरी मजबूती के साथ झारखंड विधानसभा की चुनाव लड़ेगी।
लोक सहकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैनेंद्र कुमार भंते अपने पूरे कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हमारी पुरानी पार्टी हमारा पुराना घर है, हम पूरी जोश खरोश के साथ राज्य की जनता को सेवा करने के लिए पूरी तरीके से जिंदगी को समर्पित करेंगे। कार्यक्रम पार्टी के राष्ट्रीय परिषद सदस्य तक पांडेय की अध्यक्षता में हुई। वही मंच संचालन जिला सचिव अजय सिंह ने किया।
कार्यकर्ता सम्मेलन में कई लोगों ने संबोधित किया, जिनमें पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, एटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेंद्र कुमार, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य कन्हाई मल पहाड़िया, आदिवासी महासभा के महासचिव पशुपति कोल, महादेव राम, सोनिया देवी, क डी सिंह, मजदुर नेता लखनलाल महतो, डॉ पीयूष, अंबुज ठाकुर, रुचिर कुमार तिवारी, गणेश कुमार सिंह, सहित कई लोग शामिल थे।