रांची। झारखंड के सभी स्थानों पर 25 सितंबर को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने बुधवार को दी है। विभाग ने राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है। साथ ही 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ में 109 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं इस दौरान रांची में 21 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और हल्की धूप रही। हालांकि बीच-बीच में बादल भी छाए रहे। इससे मौसम सुहाना बना रहा। उल्लेखनीय है कि पिछले दो-तीन दिनों से राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है।
24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 35.3 डिग्री गोड्डा में और सबसे कम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।
इस दौरान रांची में अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री, जमशेदपुर में 33.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 34, बोकारो में 33.1 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।