पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में संगठन सृजन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड पर्यवेक्षकों के साथ पंचायतवार संगठन सृजन और बीएलए-2 गठन की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला अध्यक्ष ने संगठन विस्तार की आवश्यकता पर जोर देते हुए प्रखंड पर्यवेक्षकों से कहा कि वे पंचायत स्तर पर सक्रिय भ्रमण कर लंबित पंचायत कमिटी और बीएलए-2 के गठन का कार्य शीघ्र पूरा करें और जिला कार्यालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन आमजन तक पार्टी की पहुंच और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनिवार्य है। बैठक में प्रखंड पर्यवेक्षक राकेश कुमार तिवारी, विजय यादव, सामंत कुमार, ब्रजेंद्र तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संगठन सृजन बैठक के बाद जिला कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती मनाई गई। जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने डॉ. सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को नई दिशा देने वाले महत्वपूर्ण निर्णय लिए। उनके नेतृत्व में मनरेगा, शिक्षा का अधिकार और खाद्य सुरक्षा जैसे क्रांतिकारी फैसले लिये गये, जिनसे आज भी करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्हें देश के आर्थिक सुधारों का जनक भी कहा जाता है।
जयंती कार्यक्रम में प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी, सामंत कुमार, ब्रजेंद्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, राजीव मिश्रा, रणजीत सिंह, ऋषि मिश्रा, सुशील घोष, इरसाद हैदर, अंसार खान, रंजीत झा सहित कई कांग्रेसजन उपस्थित थेे।