रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि व्यक्ति के समुचित विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी है। तकनीकी युग में केवल शिक्षित होने से काम नहीं चलेगा। वही समाज, राज्य, देश आगे बढेÞगा, जिसके पास ज्ञान और विशेषताओं का भंडार होगा। झारखंड सरकार इस ओर विशेष ध्यान दे रही है। राज्य सरकार नीति आयोग के साथ समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा दे रही है। उक्त बातें उन्होंने जैप आइटी के वेंडरों द्वारा चयनित अभ्यार्थियों को चयन पत्र वितरण कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थी राज्य में स्कूली शिक्षा के प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की स्थिति और इसमें सुधार आदि के प्रति सरकार को रिपोर्ट देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मानसिक विकास के लिए शिक्षा पद्धति विकसित करने का काम कर रही है। नव चयनित अभ्यार्थी अपने ज्ञान और आइडिया का उपयोग कर शिक्षा व्यवस्था सुधारने में सहयोग करें। सभी को इस काम का बीड़ा उठाना है। गुणवत्तापूर्ण मानव संसाधन की कमी को पूरा करके ही राज्य को आगे बढ़ा सकेंगे।
शिक्षा को बेहतर बनाने में मिलेगी मदद: एपी सिंह
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के प्रधान सचिव एपी सिंह ने कहा कि पीएमयू में जिलास्तर पर दो लोगों को रखना है। सुयोग्य लोगों की कमी होने की वजह से रिक्तियां पूर्ण नहीं हो पायी हैं। आउटसोर्सिंग के माध्यम से इसे भरा जाना है। रिक्तियों पर नियुक्ति जल्द ही कर ली जायेगी। ये सभी पीएमयू शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में मदद करेंगे। बताया कि यह कार्यक्रम दो दिनों तक चलेगा। इसमें नीति आयोग सहयोग कर रहा है। वर्तमान में 50 पीएमयू की नियुक्ति की गयी है।
सीएम रघुवर दास का क्रेज, महिलाओं ने ली सेल्फी