अनगड़ा। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल रविवार को नवागढ़ पंचायत में चल रही विकास योजनाओं को देखने पहुंचे। वह अपने साथ कई विभागों के अधिकारियों को लेकर आये थे। नवागढ़ स्थित बंद पड़े एलिस इंजीनियरिंग कॉलेज के भवनों और छात्रावास का निरीक्षण किया। कहा कि इस भवन में विभिन्न प्रकार के कौशल विकास का प्रशिक्षण केंद्र चलाया जायेगा। इसके बाद में वह ओबर पहुंचे। यहां पर बंजर और परती पड़ी करीब पचास एकड़ भूमि में जैविक खेती कराने की बात कही। कहा कि इसके लिए पैना पहाड़ के हठुवा झरना के पानी को गुरुत्व सिंचाई योजना के माध्यम से करीब 70 एकड़ खेतों तक पहुंचाया जायेगा।
जैविक खेती के लिए बरवाटोली और ओबर के 82 किसानों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। भूमि संरक्षण विभाग बंजर भूमि को उपजाऊ योग्य बनायेगा। रंगामाटी में 52 एकड़ भूमि में जैविक खेती की जायेगी। इन किसानों को कृषि विभाग की ओर से आधुनिक कृषि यंत्र दिये जायेंगे। पानी पंचायत बना कर पांच-पांच एकड़ भूमि को सिंचित किया जायेगा। इसके बाद नवागढ़ पंचायत सचिवालय में किसानों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाओं, सहायिकाओं और सहियाओं की अलग-अलग बैठक सुनील वर्णवाल ने की। नवागढ़ को आदर्श कैसे बनाया जा सकता है, इस पर सबकी राय जानी और कई दिशा-निर्देश दिये। बैठक के दौरान ही सुनील वर्णवाल ने पिछली बैठक में दिये गये निर्देशों का पालन नहीं करने के कारण अनगड़ा सीडीपीओ उमा सहाय और सुपरवाइजर की जमकर क्लास ली। सुनील वर्णवाल ने बताया कि तीन नवंबर को नवागढ़ को पूर्ण नशामुक्त पंचायत घोषित किया जायेगा। इस अवसर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष जैलेंद्र कुमार ने क्षेत्र की कई समस्याओं के समाधान की मांग की। कार्यक्रम का संचालन संतोष बेदिया ने किया।
इस मौके पर स्वामी भवेशानंद, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष जैलेंद्र कुमार, प्रमुख अनिता गाड़ी, पूर्व प्रमुख राजेंद्र शाही मुंडा, मुखिया रेखा देवी, विवेकानंद सेवा केंद्र के अध्यक्ष पहलु बेदिया, पूर्व मुखिया भुवनेश्वर बेदिया, श्रवण कुमार मुख्तियार, रासल तिर्की, प्रदीप महतो, जगदीश भोगता, मानकी राजेंद्र, अक्षय बड़ाइक, नरेन बेदिया सहित अन्य शामिल थे।