रांची। झारखंड युवा राजद की जनाक्रोश रैली में बिहार के प्रतिपक्ष के नेता सह बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार और झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर आग उगली। कहा कि उनके पिता को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत तंग किया जा रहा है, उनके खिलाफ साजिश रची गयी है। लालू प्रसाद किसी से दबने वाले नहीं हैं, उन्होंने कभी सभी सांप्रदायिक शक्तियों से हाथ नहीं मिलाया। गरीबों को सम्मान दिलाने का उन्होंने काम किया, जिसकी सजा के रूप में उन्हें जेल भेजा गया। सहयोगी दलों से तेजस्वी ने अपील की कि वे झारखंड विधानसभा में मिलकर चुनाव लड़े, सत्ताधारी दल को किसी तरह का फायदा न होने दें। तेजस्वी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतिश कुमार के पास कोई नीति सिद्धांत नहीं है। उनकी सत्ता के कुर्सी से चिपके रहने की आदत है।
लोगों को भ्रम में डाला गया: अभय सिंह
झारखंड राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के कार्यशैली के खिलाफ यह रैली है। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के समय वायदा किया गया था कि तीन माह में काला धन लायेंगे, दो करोड़ लोगों को रोजगार देंगे। इसके अलावा गंगा की सफाई, अच्छे दिन का वायदा किया गया था, जिसपर सरकार खरी नहीं उतरी। वहीं उग्रवाद के खात्मे की बजाये पुलवामा अटैक हुआ। रोजगार देने की बजाये लोगों के रोजगार छिनने का काम किया गया। मोमेंटम झारखंड के नाम पर यहां के लोगों को भ्रम में डाल दिया गया, कोई भी उद्योगपति यहां उद्योग लगाने नहीं आया।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश यादव, पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम, झारखंड के पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, पूर्व विधायक संजय सिंह यादव, पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव, बीते लोकसभा चुनाव में राजद के चतरा प्रत्याशी सुभाष यादव ने भी लोगों को संबोधित किया।
Previous Articleभाजपा के चक्रव्यूह में फंसकर छटपटा रहा है झामुमो
Next Article अब आम लोग करेंगे राजनीति : सुदेश