रांची। पलामू के समाजसेवी झामुमो नेता डॉ शशिभूषण मेहता और आजसू के रामाश्रय यादव गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा। मिलन समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, आदित्य साहू और पलामू जिलाध्यक्ष नरेंद्र पांडेय ने डॉ शशिभूषण मेहता और रामाश्रय यादव को फूल-माला पहना कर भाजपा में शामिल कराया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि डॉ शशिभूषण मेहता और रामाश्रय यादव के शामिल होने से पलामू में भाजपा मजबूत हुई है।
प्रधानमंत्री और सीएम से प्रभावित होकर भाजपा में आया: डॉ मेहता
डॉ शशिभूषण मेहता ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की जो मौजूदा हालत हैं, उसमें सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही देश को अव्वल बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के काम का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकार है। झारखंड में मुख्यमंत्री रघुवर दास बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने पांच साल में विकास की कई कड़ियां जोड़ी। राज्य में सड़कों का जाल बिछाया है। उन्होंने कहा कि पहले पलामू से रांची पहुंचने में तीन से चार घंटे लगते थे, अब ढाई घंटे में पहुंच रहे हैं। झारखंड में नक्सलवाद से लेकर अपराध तक सब पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लगाम लगायी है। वह भाजपा के सिपाही के रूप में पार्टी में शामिल हुए हैं।
सुचित्रा मिश्रा के परिजनों ने किया विरोध
इधर, सुचित्रा मिश्रा के दोनों बेटे अभिषेक मिश्र और आशुतोष मिश्र, रिश्तेदार ललिता पांडेय के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा से मिल कर अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया। उनका कहना था कि डॉ मेहता के खिलाफ मामला चल रहा है, ऐसे में उन्हें भाजपा में शामिल नहीं कराया जाना चाहिए।
आरोप लगने से कोई दोषी नहीं हो जाता : लक्ष्मण गिलुआ
इस संबंध में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि आरोप से कोई व्यक्ति दोषी नहीं हो जाता है। मेरे ऊपर भी कई आरोप लगे हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर भी आरोप लगे हैं। शिबू सोरेन को तो सजा भी मिल गयी थी, इसके बावजूद वह बरी हो गये। उन्होंने कहा कि जो भी लोकप्रिय होता है, उस पर आरोप लगाये जाते हैं। वैसे भी मामला अभी न्यायालय में लंबित है। न्यायालय का जो फैसला होगा, वह मान्य होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब व्यक्ति का प्रभाव बढ़ता है, तो विरोध भी होता है। हमें खुशी है कि आज डॉ मेहता और यादव ने भाजपा का दामन थामा। प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा हर वर्ग-समाज के लिए कल्याणकारी योजनाएं बना रही है। चाहे वह किसान, मजदूर हों या छोटे व्यापारी। भाजपा का संकल्प है- सबका साथ, सबका विकास। श्री साहू ने कहा कि सरकार के साथ-साथ हम सभी का भी फर्ज है कि हम राज्य के प्रति अपने दायित्वों को समझें। इसके लिए एक कार्यकर्ता सकारात्मक प्रयास करते हैं, तो एक साथ हजारों प्रयास होंगे और पलामू प्रमंडल हजार कदम आगे बढ़ेगा। समारोह का संचालन ज्योतिरीश्वर सिंह और धन्यवाद ज्ञापन नरेंद्र पांडेय ने किया। मौके पर कार्यकर्ताओं को आॅनलाइन सदस्यता दिलायी गयी। मौके पर संजय चंद्रवंशी, बच्चन ठाकुर, प्रसिद्ध सिंह, बगेंद्र भुइंया, वीरेंद्र वर्मा, मुकेश चौबे, अंकित गुप्ता, आफताब शेख, विनोद यादव, अली मोहम्मद, राजदेव उरांव, प्रकाश मेहता, मनोज सिन्हा, सुनील गुप्ता, रंजय ठाकुर, मौलानानुद्दीन, अलीहसन, मो मुमताज, दानिश रजा, अकमल हुसैन, साजिद हुसैन, विद्याधर दुबे, अरविंद सिंह सहित अन्य ने सदस्यता ग्रहण की।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version