पैरिस: राजधानी में गुरुवार को एक हमलावर ने पुलिस मुख्यालय में चार पुलिसवालों की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। सूचना के मुताबिक हमलावर भी मुख्यालय में ही काम करता था। हमले के बाद वह शख्स भी मार गिराया गया। इसे फ्रांस में हुए बड़े हमलों में माना जा रहा है।
पैरिस स्थित पुलिस हेडक्वार्टर में हमले के बाद इसे खाली करवा लिया गया और इसके बाद हमलावर को मार गिराया गया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह शख्स मुख्यालय में किस पद पर था। अधिकारियों का यह भी कहना है कि निजी झगड़े की वजह से उसने इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस मुख्यालय में इस हमले के बाद नॉट्रेडम कैथड्रल के पास के मेट्रो स्टेशन को भी बंद कर दिया गया। लाउडस्पीकर पर ऐलान किया गया कि यह इलाका सर्विलांस में है और लोग इधर-उधर मूवमेंट न करें। हमले के चलते फ्रांस के गृह मंत्री क्रिस्टोफे कास्टेनर ने अपना टर्की दौरा रद्द कर दिया।
हमले के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘लोग चिल्लाते हुए इधर-उधर भाग रहे थे। मैंने गोली चलने की आवाज सुनी। यह आवाज अंदर से आई थी। हमने देखा कि एक पुलिस अधिकारी भी जोर-जोर से चिल्ला रहा है। वह डरा हुआ था।’