वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं में किया ऊर्जा का संचार, बूथ कमेटी मजबूती पर जोर
रांची । आॅल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन रांची विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन हिंदपीढ़ी में हुआ। इस मौके पर मजलिस के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष हुब्बान मल्लिक ने कहा कि वोट हमारा शासन तुम्हारा, अब यह नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर सिर्फ जुमले गढ़े गये। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि नगर विकास मंत्री स्मार्ट सिटी के नाम पर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। नयी स्मार्ट सिटी में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए कोई स्थान नहीं होगा। ड्रेनेज और सिवरेज के नाम पर रांची शहर को नरक बना कर रख दिया गया है। निर्माण कार्य में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर है। शहर के लोगों को साफ पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं है। इससे पूर्व प्रदेश संगठन प्रभारी एजाज अली ने कहा कि इस बार झारखंड में पतंग उड़ेगी। हिंदू-मुस्लिम के नाम पर राजनीति करने वालों की बोलती बंद हो जायेगी। मजलिस के रांची विधानसभा अध्यक्ष मो अर्श ने कहा कि भ्रष्टाचार, संप्रदायवाद और महंगाई पर लगाम की जरूरत है। अगर मजलिस को सफलता मिलेगी, तो रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य होंगे। कार्यक्रम के दौरान मजलिस कार्यकर्ताओं ने 40 किलो की फूलमाला पहना कर अतिथियों का स्वागत किया। सज्जाद इदरिसी ने संगठन विस्तार पर ध्यान आकृष्ट कराया।
अवसरवादी राजनीति करने वाले दलों को जनता सबक सिखायेगी
मौके पर मजलिस के नेता अर्जुन तिवारी ने कहा कि असदउद्दीन ओवैसी को वही लोग संप्रदायवादी बोलते हैं जो स्वयं हिंदू-मुस्लिम और धर्म की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि अवसरवादी राजनीति करने वाले दलों को जनता सबक सिखायेगी और महाराष्ट्र और बिहार के बाद झारखंड में भी कई स्थानों पर मजलिस की पतंग उड़ेगी। संतोष कुमार राम ने कहा कि जो शख्स सिर्फ संविधान की बात करता है, जो सिर्फ समतामूलक समाज की बात करता है, उससे बड़ा राष्ट्रवादी भला और कौन हो सकता है। उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी ने वंचित समाज को हक दिलाने का काम किया है। हटिया विधानसभा अध्यक्ष नौशाद आलम ने कहा कि इस चुनाव में मजलिस मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए कई सीटों पर जीत हासिल करेगा। सम्मेलन के दौरान भोजपुरिया गायक छोटू सहित लगभग तीन सौ लोगों ने एआइएमआइएम का दामन थामा। सम्मेलन के दौरान नये कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। मौके पर मुफ्ती मुकर्रम, रूही परवीन, फरजाना, हाजी फिरोज, सज्जाद इदरिसी सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे। संचालन जावेद अख्तर ने किया। सम्मेलन में मुख्य रूप से सचिव मो इस्लाम, पारस परवेज, मो अनवर, छोटू, बरियातू के मो जावेद अख्तर, अधिवक्ता जावेद सुलतान, इम्तियाज भारती, मो परवेज, मो. जुनैद, अनवर उर्फ अन्नू आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह है।