रांची। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में विपक्ष का कोई नाम लेने वाला भी नहीं होगा। चुनाव में राष्ट्रवाद और विकास पार्टी की प्राथमिकता में है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में राज्य में अभूतपूर्व विकास हुआ है। प्रतुल शाहदेव सोमवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले पौने पांच वर्षों में किये गये विकास कार्यों का लेखा-जोखा लेकर मुख्यमंत्री सीधे जनता के बीच जा रहे हैं। उस क्षेत्र में और राज्य में क्या विकास कार्य हुए हैं, इसकी सीधी जानकारी भी लोगों को दे रहे हैं। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि सरकार और जनता के बीच सीधा संपर्क हो। इस यात्रा का यह लाभ हुआ है कि शासन पर लोगों का विश्वास बढ़ा है। लोग उत्साह के साथ इसमें शामिल हो रहे हैं।
रिकॉर्ड 526 बार जिलों का दौरा किया सीएम ने
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले पांच वर्षों में रिकॉर्ड 526 बार झारखंड के विभिन्न जिलों का दौरा किया। जन चौपाल, सभा और जनसंपर्क कर लोगों की समस्या और योजनाओं का हाल जाना। वहीं, विपक्ष की सरकार के मुख्यमंत्री सरकारी खर्चे पर हफ्तों छुट्टियां मनाने गोवा जाया करते थे।
इधर, रघुवर दास ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में बिना अवकाश लिये जनता की निरंतर सेवा की है। जहां विपक्षी सरकार के मुख्यमंत्री एयरकंडिशन कमरों में बैठ कर योजनाओं पर चर्चा करते थे, वहीं सीएम ने गांव पहुंचकर जमीनी हकीकत देखी। गांववालों के साथ जमीन पर बैठ कर योजनाएं बनायीं। साढ़े चार वर्ष पूर्व योजना बनाओ अभियान से जन सहयोग की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने आम लोगों को योजना का हिस्सा बनाया।
162 बार संथाल का दौरा किया सीएम ने
उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा कभी नहीं हुआ कि कोई मुख्यमंत्री पिछले पांच वर्षों में 162 बार संथाल परगना गया हो। रघुवर दास गये। संथाल ने झारखंड को तीन मुख्यमंत्री दिये हैं। सिर्फ रघुवर दास ने मिशन मोड में संथाल परगना के विकास का बीड़ा उठाया है। उन्होंने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा का अंतिम चरण छठ के बाद पलामू और दक्षिण छोटानागपुर के बचे हुए हिस्सों में शुरू होगा।