अभिनेत्री से नेत्री बनी खुशबू सुंदर ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। खुशबू ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र भी लिखा है। पत्र में उन्होंने पार्टी के अंदर बैठे उच्च स्तर के लोगों पर दबाए जाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा, “कुछ लोग जो पार्टी के भीतर उच्च स्तर पर बैठे हैं, वे जमीनी हकीकत या सार्वजनिक मान्यता के साथ कोई जुड़ाव नहीं रखते हैं। वे शर्तों को निर्धारित कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि इस तरह की ताकतों के कारण उनके जैसे लोग जो पार्टी के लिए ईमानदारी काम करना चाहते थे, उन्हें ऐसा नहीं करने दिया गया।

खुशबू सुंदर के इस्तीफे से पहले पार्टी के राष्ट्रीय सचिव (मीडिया) प्रणव झा की ओर से जारी बयान के मुताबिक खुशबू सुंदर को प्रवक्ता पद से तत्काल प्रभाव से हटाया जाता है। ऐसे में चर्चा है कि खुशबू जल्द ही बीजेपी में शामिल हो सकती हैं। दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री खुशबू 2014 में कांग्रेस में शामिल होने से पहले द्रमुक में थीं।

कांग्रेस सूत्रों का दावा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद से वह नाराज चल रही थीं। हाल के दिनों में वह कुछ मुद्दों पर कांग्रेस के आधिकारिक रुख से अलग राय जाहिर कर रही थीं। कुछ महीने पहले उन्होंने पार्टी के रुख से इतर नयी शिक्षा नीति का समर्थन किया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version