एग्यारकुंड/चिरकुंडा। गुरुवार देर रात शिवलीबाड़ी दक्षिण पंचायत के मुखिया संतोष साव ने थाना में घुसकर दबंगई दिखायी। उसने कुमारधुबी पुलिस की ऐसी तैसी कर दी। कुमारधुबी ओपी परिसर में हाई वोल्टेज ड्रामा किया। ओपी प्रभारी पुरषोत्तम कुमार की मौजूदगी में एएसआइ संजय शर्मा के साथ पहले तो गाली गलौज की। इसके बाद एएसआइ की जमकर पिटाई कर दी। दारोगा को उसने जमीन पर पटक कर पीटा। हाथापाई और मारपीट होता देख परिसर में उपस्थित सभी जवान दौड़कर एएसआइ को छुड़ाने आये। लेकिन मुखिया के तेवर देख वे सहम गये। बाद में पुलिस जवानों ने भी थोड़ी सख्ती दिखायी और धक्कामुक्की कर एएसआइ को मुखिया के चंगुल से छुड़ाया। परंतु मुखिया का आवेश कम होने का नाम नहीं ले रहा था। तब पुलिस द्वारा घटना की सूचना मुखिया की पत्नी को दी गयी। तब मुखिया की पत्नी ओपी पहुंची और किसी तरह ओपी से अपने पति को बाहर ले गयी। पुलिसकर्मियों का आरोप है कि मुखिया ने शराब पी रखी थी।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार कुमारधुबी ओपी के एएसआइ संजय शर्मा को गुरुवार की रात करीब 10.30 बजे मैथन मोड़ निवासी सह पत्रकार संतोष साव उर्फ पिंटू ने शिकायत की कि शिवलीबाड़ी दक्षिण पंचायत के मुखिया संतोष साव द्वारा उसे बिना किसी कारण के फोन कर गाली गलौज की जा रही है। शिकायत पर संजय शर्मा ने जानकारी लेने के लिए मुखिया को फोन किया। मुखिया ने तब संजय शर्मा को भी फोन पर गाली गलौज कर दिया और फिर ओपी आ धमका। ओपी आते ही वह एएसआइ शर्मा से अभद्र व्यवहार करने लगा। उसने जमकर गाली गलौज की। एएसआइ शर्मा द्वारा मुखिया को काफी समझाने का प्रयास किया गया, परंतु उसने कुछ नहीं सुना। फिर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गयी। हंगामा होने पर ओपी प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार पहुंचे। बावजूद इसके मुखिया का गाली गलौज शुरू था। प्रभारी के समक्ष ही मुखिया ने एएसआइ संजय शर्मा के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी: ओपी प्रभारी
इस संबंध में ओपी प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि भुक्तभोगी एएसआइ की लिखित शिकायत मिली है। घटना को लेकर मुखिया से पूछताछ की जा रही है। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी। वहीं, एसडीपीओ विजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि अभी इस घटना की जानकारी नहीं है। जानकारी लेकर बता सकता हूं।
सारे आरोप गलत: मुखिया
मुखिया से इस संदर्भ में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि सारे आरोप गलत हैं। मैं प्रशासन की इज्जत करता हूं और पत्रकार संतोष मेरे प्रिय मित्र हैं।
मुखिया ने थाने में घुसकर दारोगा को पीटा
Previous Articleविश्व खाद्य कार्यक्रम को नोबेल शांति पुरस्कार
Next Article देश में कोरोना के 73,272 नए मामले, 926 लोगों की मौत
Related Posts
Add A Comment