नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द,उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को महाष्टमी की शुभकामनाएं दीं हैं।

राष्ट्रपति कोविन्द ने ट्वीट कर कहा, दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! देवी दुर्गा अन्याय के दमन का प्रतीक एवं नारी शक्ति का दैवी स्वरूप हैं। हम सभी ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प करें, जिसमें महिलाओं को और अधिक सम्मान मिले एवं राष्ट्र-निर्माण में उनकी बराबर की भागीदारी हो।

उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट कर कहा, दुर्गा अष्टमी के पावन पर्व पर, मां दुर्गा से आप सभी देशवासियों के स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना करता हूं। देवी मां नारी की सनातन दिव्यता का साक्षात वंदनीय अवतार हैं।अपने जीवन में उस दिव्यता का आदर करें, यही इस पर्व की सार्थकता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने माता महागौरी की एक स्तुति साझा करते हुए बुधवार को ट्वीट किया, महाष्टमी की आप सभी को ढेरों शुभकामनाएं। नवरात्रि के इस पावन दिवस पर मां महागौरी के पूजन का विधान है। उनके आशीर्वाद से हर किसी का जीवन रोशन हो।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version