रांची। झारखंड हाई कोर्ट में मंगलवार को मनी लांडरिंग मामले के आरोपित अधिवक्ता राजीव कुमार ने जमानत याचिका दाखिल की है। 30 सितंबर को ईडी कोर्ट ने राजीव कुमार की जमानत अर्जी खारिज कर दी थी। इसके बाद उनकी ओर से हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया है।

राजीव कुमार अभी ईडी की न्यायिक हिरासत में रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार, होटवार में बंद हैं। ईडी ने उनके खिलाफ 11 अगस्त को केस दर्ज किया था, जिसके बाद मनी लांडरिंग के आरोप में राजीव कुमार को ईडी ने 18 अगस्त को रिमांड किया था। कोलकाता में दर्ज 50 लाख बरामदगी के केस में कोलकाता की निचली अदालत से राजीव कुमार को जमानत मिल चुकी है।

उल्लेखनीय है कि कोलकाता पुलिस के एआरएस विभाग ने हैरिसन स्ट्रीट में अवस्थित व्यावसायिक परिसर से बीते 31 जुलाई की रात को 50 लाख नकद के साथ अधिवक्ता राजीव कुमार को गिरफ्तार किया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version