आखिरकार कांग्रेस को गांधी परिवार से इतर अपना नया अध्यक्ष मिल गया। 80 साल के मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नये अध्यक्ष चुने गये। खड़गे ने सीधे मुकाबले में शशि थरूर को भारी मतों से हराया। मल्लिकार्जुन खड़गे को 7897 वोट मिले, जबकि शशि थरूर को महज 1072 वोट मिले।
बता दें कि अध्यक्ष के चुनाव में कुल 9497 वोट पड़े थे। इस बार गांधी परिवार की तरफ से कोई भी सदस्य अध्यक्ष पद की रेस में शामिल नहीं था। ऐसा पिछले 24 साल में पहली बार हुआ है जब गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता अध्यक्ष पद तक पहुंचा है। इससे पहले सीताराम केसरी ऐसे अध्यक्ष थे, जो गांधी परिवार से नहीं थे।
खड़गे के आवास पर पहुंचीं सोनिया गांधी
मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी खड़गे के आवास पर पहुंचीं हैं। गौरतलब है कि कुछ ही देर में कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष खरगे प्रेस कांफ्रेंस करने वाले हैं।