आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। आजसू पार्टी के सहयोगी संगठन अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ का एकदिवसीय अधिवेशन 15 अक्टूबर को रांची में होगा। पार्टी प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अधिवक्ता संघ का अधिवेशन रीताश्री बैंक्वेट हॉल, बड़गांईं (बूटी, बरियातू रोड), रांची में आयोजित होना है। इसमें पूरे प्रदेश के चौबीसों जिलों के सभी 37 बार संघों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कई सत्रों में इस अधिवेशन का आयोजन किया जायेगा। इसमें विभिन्न मुद्दों (सांगठनिक, राजनीतिक और भावी कार्यक्रम) पर विस्तृत चर्चा की जायेगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व डिप्टी सीएम और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो होंगे। कॉन्फ्रेंस में अधिवक्ता संघ के कई प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
16-18 अक्टूबर को भी होंगे कार्यक्रम
देव शरण भगत के मुताबिक 15 अक्टूबर के कार्यक्रम में सुदेश महतो के अलावा कई पूर्व न्यायाधीश और आजसू पार्टी के वरीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इस दिन कार्यक्रम की शुरूआत सुबह 11 बजे से की जायेगी। 16 और 18 अक्टूबर को भी पार्टी की ओर से अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। 16 अक्टूबर को राज्य के सभी चौबीसों जिले में अखिल झारखंड महिला संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन होगा।
कोल्हान प्रमंडल का प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
18 अक्टूबर को कोल्हान प्रमंडल का प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह चांडिल डैम क्षेत्र में आयोजित होना है। इसमें कोल्हान प्रमंडल के सभी तीन जिलों, 48 प्रखंडों और 686 वार्ड-पंचायत के पदाधिकारी तथा केंद्रीय कमिटी और सभी अनुषंगी इकाई के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। साथ ही सभी केंद्रीय पदाधिकारी, सभी अनुषंगी इकाई के प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी भी इसमें भागीदारी करेंगे।