- सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया
हांगझोऊ। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 19वें एशियाई खेलों के पुरुष हॉकी स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से हराया। इसी के साथ भारत ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब भारतीय टीम की कोशिश स्वर्ण पदक हासिल करने की होगी।
भारत की ओर से हार्दिक सिंह ने 5वें मिनट, मंदीप सिंह ने 11वें मिनट, ललित कुमार उपाध्याय ने 15वें मिनट, अमित रोहिदास 24वें मिनट और अभिषेक 54वें मिनट में गोल किया। वहीं कोरिया के लिए मंजे जुंग ने हैट्रिक लगाई। उन्होंने 17वें मिनट, 20वें मिनट, 42वें मिनट में गोल किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने मजबूत शुरुआत की। टीम की ओर से जल्द ही गोल आया। हार्दिक सिंह ने शुरुआत के 5वें मिनट में ही गोल कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 11वें मिनट में मंदीप सिंह और 15वें मिनट में ललित कुमार उपाध्याय ने गोल कर भारतीय टीम का स्कोर 3-0 कर दिया। दूसरे क्वाटर में कोरिया ने वापसी की। कोरियाई खिलाड़ी मंजे जुंग ने 17वें और 20वें मिनट में दो गोल करके स्कोर 3-2 कर दिया। हालांकि भारतीय टीम ने फिर से पलटवार किया। अमित रोहिदास ने 24वें मिनट में गोल कर भारत को 4-2 से आगे कर दिया।
सेकेंड हाफ में दोनों टीमों की ओर से टक्कर देखने को मिली। इस बीच कोरिया के जुंग ने फिर 47वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। इससे स्कोर 4-3 हो गया। फिर भारत की ओर से अभिषेक ने 54वें मिनट में गोल करके भारत की जीत पर मुहर लगा दी। इस तरह भारतीय टीम ने 5-3 से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया और भारत फाइनल में पहुंच गया।