रांची। झारखंड हाइकोर्ट के अधिवक्ता नवीन सिंह को केस मैनेज नहीं करने पर जान से मारने की धमकी मिली है। साथ ही उनसे पांच लाख की रंगदारी की भी मांग की गयी है। नवीन सिंह ने रामगढ़ के पंकज महतो और उसके साथियों के खिलाफ धुर्वा थाना में मामला दर्ज कराया है। थाना में दिये आवेदन में नवीन सिंह ने कहा कि पंकज महतो उससे लीगल नोटिस करवाने के संदर्भ में मिला था, जो उन्होंने किया, लेकिन इस बीच पंकज महतो किसी केस में जेल चला गया। जेल से बाहर आने के बाद पंकज महतो ने उन्हें सूचक की तरफ से बीए न. 7796/2023 में हाजिर करवा कर जमानत का विरोध करने को कहा। उन पर दोनों केस में मैनेज करने के लिए दबाव बनाया गया, जिससे वह विवश होकर पकंज महतो को अपनी दोनों फाइल और अन्य कागजात ले जाने को कहा, जिसका सारांश व्हाट्सएप चैटिंग में है। इसके बाद पंकज महतो ने उनके मोबाइल नंबर 9308***719 पर कॉल कर धमकी दी।
रंगदारी के रूप में पांच लाख की मांग
नवीन सिंह ने थाना में दर्ज शिकायत में कहा है कि बीते 11 अक्टूबर को वह अपने क्लर्क दिलीप यादव के साथ हाइकोर्ट से अपने घर जा रहे थे। तभी जगरनाथपुर मंदिर के पास पंकज महतो ने अपने गुर्गों के साथ मेरी गाड़ी को ओवरटेक कर गाली-गलौज की और पांच लाख की मांग की। पैसे देने से मना करने पर पंकज महतो ने पिस्टल निकाल कर धमकी दी। उसने कहा कि दोनों केस में मैनेज होने के लिए बोला था ना, तुमने बात नहीं मान कर मेरा लाखों का नुकसान करवा दिया, इसलिए तुम्हे रंगदारी के रूप में पांच लाख देने पड़ेंगे, नहीं तो तुम्हें जान से मार देंगे।