दुमका । दुमका में आयोजित परिवर्तन सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चुनाव बहुत करीब है। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार हर दिन नयी घोषणाएं कर रही है। लेकिन पिछले पांच वर्षों में उन्होंने क्या किया, यह सबको पता है। राज्य की जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार पिछले पांच वर्षों में सिर्फ कमाई और जनता को लूटने में लगी रही। अब राज्य सरकार योजनाओं की सौगात दे रही है, लेकिन जो जमीन उन्होंने लूटी थी, उसी का पैसा बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब एक नौकर के घर से इतने करोड़ रुपये मिल सकते हैं, तो सोचिए हेमंत सरकार के पास कितना पैसा होगा। पांच साल तक जेएमएम-कांग्रेस सरकार ने सिर्फ लूटपाट की।
बाबूलाल ने कहा कि हेमंत सोरेन आज हर जगह घूम रहे हैं, अखबारों में उनकी तस्वीरें छप रही और टेलीविजन पर नजर आ रहे हैं। आगामी चुनाव के बदलाव पर उन्होंने कहा कि बस एक-दो महीने में चुनाव हो जायेगा। चुनाव नजदीक है, इसलिए हेमंत सोरेन की सरकार जनता को लुभाने की कोशिश कर रही है। लेकिन क्या उन्होंने पिछले वादों को पूरा किया? हेमंत सोरेन ने वादा किया था कि हर महीने 2000 रुपये चूल्हा खर्च देंगे और लड़कियों की शादी में सोने का सिक्का देंगे, लेकिन कुछ नहीं दिया। बच्चियों को चांदी का सिक्का तक नहीं मिला। बाबूलाल ने 5 लाख नौकरियां, विधवाओं और दिव्यांगों को 2500 रुपये पेंशन देने, समेत अन्य वादों का जिक्र करते हुए कहा कि इस सरकार ने युवाओं, महिलाओं, विधवाओं, बुजुर्गों और गरीबों को धोखा दिया है।
उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने मेरे खिलाफ छह-छह थानों में केस दर्ज करवा दिये। अगर इस हेमंत सरकार को चोर नहीं कहेंगे, तो और क्या कहेंगे? उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के नौजवानों के भविष्य के लिए अगर जेल भी जाना पड़ा, तो जायेंगे। यह यात्रा तब तक चलती रहेगी, जब तक परिवर्तन नहीं हो जाता।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



