अपनी हार को देखते हुए जेएमएम चुनाव के पूर्व चुनाव आयोग सवाल उठा रहा
रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झामुमो की प्रेस वार्ता पर पलटवार करते हुए कहा कि अपने निश्चित हार को देखकर झामुमो बौखला गया है। आज जेएमएम चुनाव आयोग की कार्रवाई पर प्रश्न चिह्न उठा रहा है और मतगणना के दिन अपनी हार का कारण इवीएम को बतायेगा। सरकार के 5 वर्षों के कुशासन का अंत होने वाला है और झारखंड मुक्ति मोर्चा को यह बात अच्छे से पता है। इसलिए अभी से हार के बहाने खोज रहा है। प्रतुल ने कहा जब इन्होंने 2019 में झारखंड का चुनाव जीता और जब उपचुनाव जीता, तब चुनाव आयोग ठीक था। लेकिन अब हार को देखकर यह आपा खो बैठे हैं।
प्रतुल ने कहा इनका महा गठबंधन लूट और झूठ की नीति सिद्धांत के आधार पर बना है। इसीलिए अभी तक इनके महागठबंधन की सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया। अब तो राजद ने इनको औकात दिखाना शुरू कर दिया है। राजद ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक कोलकाता बिकने जाते हैं। प्रतुल ने कहा 5 वर्षों तक इन्होंने शासन किया परंतु कोई कॉमन मिनिमम प्रोग्राम नहीं बना पाये। इनका जो कॉमन मिनिमम प्रोग्राम था वह कोयला, बालू ,लोहा और पत्थर की लूट और ट्रांसफर पोस्टिंग उद्योग था। प्रतुल ने कहा कि जिनकी जितनी लूट में हिस्सेदारी, उसकी उतनी सीटों पर भागीदारी के फॉर्मूला के आधार पर अब तक महागठबंधन को सीटों का बंटवारा कर लेना चाहिए था। प्रतुल ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के इन बहानों को जनता अच्छे से समझती है और जल्द ही झारखंड के इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार का पटाक्षेप होने वाला है।