रांची। राज्य में बड़े पैमाने पर प्रखंड विकास पदाधिकारियों का स्थानांतरण-पदस्थापन की तैयारी चल रही है। ग्रामीण विकास विभाग स्थापना समिति की बैठक भी कर चुका है। इस बार विधायकों की अनुशंसा पर भी विचार किया गया है। वहीं, एक माह पहले मिले कार्मिक विभाग से राज्य प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारियों की बीडीओ में पोस्टिंग की जायेगी। संभावना है कि मुख्यमंत्री की सहमति के बाद एक दो दिनों में तबादला आदेश भी जारी कर दिया जाए। लगभग 125 से अधिक प्रखंड के बीडीओ बदले जाने की संभावना है।
इधर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देश पर तीन साल से अधिक समय से जमे पदाधिकारी का भी तबादला होगा। बता दें कि, ग्रामीण विकास विभाग ने 24 जुलाई 2024 की तिथि से एक तबादला अधिसूचना जारी की थी, जिसके जरिये 61 पदाधिकारी का स्थानांतरण-पदस्थापन किया गया था। इस तबादले का कई स्तर पर विरोध हुआ था नियमों की अनदेखी का भी आरोप लगा था। वहीं, सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी इस पर नाराजगी जतायी थी। इसके बाद विभागीय के आदेश पर 26 जुलाई को आदेश निकाल कर उक्त तबादला अधिसूचना को स्थगित कर दिया गया था। अब फिर से नये सिरे स्थांतरण-पदस्थापन की तैयारी की जा रही है।