रांची। झारखंड के 17 जिलों में शनिवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने शुक्रवार को दी। विभाग के अनुसार राज्य के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है उनमें राज्य के दक्षिणी जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, मध्यवर्ती जिले रांची खूंटी, गुमला, हजारीबाग, बोकारो, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद और उत्तर पश्चिम जिले पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा शामिल है। इन जिलों में सुबह में मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना है।
वहीं 26 अक्टूबर को पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना है। 27 अक्टूबर को राज्य के दक्षिणी मध्य और उत्तर पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना। वही राज्य के दक्षिणी जिलों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है।
राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री डाल्टनगंज में और सबसे कम तापमान लातेहार में 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में मौसम साफ रहा और सुबह में हल्की ठंड का एहसास हुआ। रांची अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री, जमशेदपुर में 33.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 34.6, बोकारो में 31.5 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

