रांची। झारखंड के सभी स्थानों पर तीन से पांच अक्टूबर तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। यह जानकारी मौसम विभाग ने बुधवार को दी है। यह स्थिति बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण पैदा हुई है। मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की भी आशंका व्यक्त की है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
विभाग ने दो अक्टूबर को राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी एवं इससे सटे मध्यवर्ती भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश के अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की है। इसके अलावा तीन और चार अक्टूबर को झारखंड के उत्तर पूर्वी और उत्तर मध्यवर्ती जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने एवं आकाशीय बिजली गिरने की आशंका व्यक्त की गई है।
वहीं पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सर्वाधिक बारिश जामताड़ा में 9.8 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के चलते दोपहर बाद बादल छाए रहे। हालांकि बीच-बीच में धूप भी निकली।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में और सबसे कम तापमान लातेहार में 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री, जमशेदपुर में 33.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री, बोकारो में 34.5 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।