रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किसानों से धान खरीद के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया है। मोबाइल वैन दाल-भात योजना दिसंबर से शुरू करने को कहा है। साथ ही कहा कि आदिम जनजाति को उनके घर तक खाद्यान्न आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कैश लैश ट्रांजैक्शन व्यवस्था करने को कहा, ताकि लाभुकों को खाद्यान्न की आपूर्ति के बाद राशि की कटौती उनके बैंक खाता से हो।
सीएम ने निर्देश दिया कि जन-धन योजना अंतर्गत जिनका खाता नहीं खुला है, उनका खाता खोला जाये। सीएम ने ये निर्देश बुधवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए दिये।
आइरिस बायोमीट्रिक प्रणाली की हो व्यवस्था
उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोगियों तथा पत्थर खदानों के मजदूरों को बायोमीट्रिक प्रणाली से खाद्यान्न आपूर्ति में असुविधा हो सकती है। अत: उनके लिए आइरिस प्रणाली के बायोमीट्रिक की व्यवस्था की जाये। मुख्यमंत्री ने कहा कि खाद्यान्न गोदाम के मजदूरों की सुविधा बढ़ायी जाये। उनके लिए रेस्ट रूम, पेयजल इत्यादि की व्यवस्था हो। साथ ही उनके ग्रुप इंश्योरेंस पर विचार करें।
तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ की प्रणाली का अध्ययन हो
विभागीय मंत्री सरयू राय ने कहा कि धान भंडारण के लिए मॉडर्न गोदाम बनाने की आवश्यकता है। कडरू स्थित गोदाम का मॉडर्नाइजेशन भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में भी भंडारण गोदाम बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने तमिलनाडु एवं छत्तीसगढ़ में खाद्यान्न आपूर्ति प्रणाली का अध्ययन करने का भी सुझाव दिया। बैठक में मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, विकास आयुक्त अमित खरे एवं सचिव विनय कुमार चौबे उपस्थित थे।
Previous Articleनोटों की अदला-बदली में जनता को कोई परेशानी ना हो: चिदंबरम
Next Article खुले में शौचमुक्त झारखंड का लक्ष्य हासिल करेगा राज्य
Related Posts
Add A Comment