नई दिल्ली। कजाखस्तान की सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर अस्ताना ने भारत में अपनी सेवाओं के विस्तार के तहत आज दिल्ली और अस्ताना के बीच उड़ानों की संख्या तीन से बढ़ाकर प्रति सप्ताह पाँच करने की घोषणा की और कहा कि वर्ष 2019 से वह मुंबई से भी सीधी उड़ान शुरू करेगी।एयर अस्ताना के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर फोस्टर ने यहाँ संवाददाताओं को बताया कि भारत से यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर एयरलाइन देश के अन्य शहरों से भी सेवाएँ शुरू करने की योजना बना रही है।वर्तमान में एयरलाइन दिल्ली से सप्ताह में तीन उड़ानें भरती है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बाद कजाखस्तान के लिए सीधी उड़ान वाला दूसरा भारतीय शहर मुंबई होगा। मुंबई से उड़ानें वर्ष 2019 से शुरू की जायेंगी। फोस्टर ने स्वीकार किया कि मुंबई में नया स्लॉट पाना एक बड़ी समस्या होती है। हालाँकि, उन्होंने यह भी कहा कि लगातार प्रयास करने से दुनिया के व्यस्ततम हवाई अड्डों पर भी स्लॉट निकल आता है; मसलन जब किसी एयरलाइन ने अपनी उड़ानें घटाई हो वह नया स्लॉट लेने के लिए सही समय होता है।उन्होंने कहा कि निकट भविष्य में दिल्ली और कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना के बीच उड़ानों की संख्या प्रति सप्ताह तीन से बढ़ाकर पाँच की जायेगी। वर्ष 2016 की तुलना में भारत और कजाखस्तान के बीच यात्रियों की संख्या इस साल 43 प्रतिशत बढक़र 43,459 पर पहुँच गयी। एयर अस्ताना ने 2004 में दिल्ली और कजाखस्तान के सबसे बड़े शहर अलमाटी के बीच सेवा शुरू की थी। अस्ताना और दिल्ली के बीच उसने इसी साल 02 जुलाई से सेवा शुरू की थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version