वॉशिंगटन ; मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले को 11 साल हो गए हैं, लेकिन हमले के जिम्मेदार लोग अब भी कानून के कटघरे से दूर हैं। वहीं, अमेरिका का कहना है कि हमले के साजिशकर्ता को अब तक दोषी नहीं ठहाराया जा सका है जो कि हमले में मारे गए 166 लोगों और उनके परिवारों का अपमान है। उल्लेखनीय है कि लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने 26 नवंबर की रात मुंबई के अलग-अलग इलाके में हमले को अंजाम दिया था, जिसमें पांच सितारा होटल और कैफे को भी निशाना बनाया गया था। घटना में मारे गए लोगों में विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने 26/11 हमले की बरसी पर कहा कि इस कायरतापूर्ण हमले ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। उन्होंने कहा, ‘आज मुंबई में हुए आतंकी हमले की 11वीं बरसी है। हम 6 अमेरिकी सहित हमले में मारे 166 निर्दोष लोगों को याद कर रहे हैं। हमले के साजिशकर्ता अब तक दोषी करार नहीं दिए गए हैं, जो कि पीड़ितों और उनके परिवारों का अपमान है।’