आजाद सिपाही संवाददाता

रांची। विधानसभा चुनाव में 65 प्लस का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा की पूरी मशीनरी चुनावी मोड में आ गयी है। एक तरफ जहां पार्टी प्रत्याशियोंं के चयन के लिए रायशुमारी में लग गयी है, वहीं सभी प्रकोष्ठों को सक्रिय कर दिया गया है। उधर मंगलवार को राष्टÑीय स्वयंसेवक संघ ने भी मोर्चा संभाल लिया। संघ के वरिष्ठ रणनीतिकारों की महत्वपूर्ण बैठक निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय में हुई।

बैठक में विधानसभा चुनाव में संघ की भूमिका पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा राज्य के विभिन्न इलाकों में तैनात आरएसएस कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का फैसला किया गया। जानकारी के अनुसार संघ ने चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के चयन को लेकर भी विस्तृत सुझाव पार्टी को देने का फैसला किया है।

इस बीच भाजपा ने मंगलवार को प्रत्याशी चयन पर मंथन का सिलसिला जारी रखा। पार्टी ने चार प्रमंडलों के मंडल अध्यक्षों और अन्य पदधारियों से रायशुमारी की। इस दौरान पलामू, उत्तरी छोटानागपुर, दक्षिणी छोटानागपुर और कोल्हान प्रमंडलों के 18 जिलों की 63 सीटों के लिए  प्रत्याशियों के बारे में 410 मंडलों से राय ली गयी।   जानकारी के अनुसार संथाल परगना प्रमंडल के छह जिलों की 18 सीटों के लिए उम्मीदवारों के बारे में 103 मंडलों से रायशुमारी बुधवार को होगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version