रांची। विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने आये मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बुधवार को होटल रैडिसन ब्लू में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्य चुनाव आयुक्त ने सभी दलों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव का भरोसा दिया। इस क्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर की शिकायत दर्ज करायी। वन कानून के ड्राफ्ट में संशोधन को पार्टी ने चुनाव को प्रभावित करने वाला बताया और उन पर कार्रवाई की मांग की। झारखंड विकास मोर्चा ने उम्मीदवारों पर दर्ज मामलों को तीन अखबारों में प्रकाशित तथा इतने ही चैनलों में प्रसारित करने की अनिवार्यता पर एतराज जताया। पार्टी प्रतिनिधियों ने इस आदेश को वापस लेने की मांग की। इस पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर इसे अनिवार्य किया गया है। भाजपा के प्रतिनिधि ने संथाल के जिलों में बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा फर्जी मतदान करने का मामला उठाया। ऐसे संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की मांग की। भाजपा ने कुछ एनजीओ के विदेशी फंड का दुरुपयोग कर विशेष पार्टी को चुनाव में मदद करने की भी शिकायत की। सीपीआइ ने चुनाव के दौरान शराब की बिक्री बंद करने की मांग की।
Previous Articleमांडूू में इस बार दिखेगा ‘सुपर महाभारत’
Next Article मजबूत सरकार चुनें, मजबूर को नहीं: रघुवर
Related Posts
Add A Comment