दुमका से जावेद अख्तर

दुमका (आजाद सिपाही)। दुमका सीट पर उपचुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। विधानसभा के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि कोविड-19 से मतदाताओं को डरने की जरूरत नहीं है और निर्भीक होकर लोकतंत्र के इस महापर्व में वे अपने अधिकार का प्रयोग करें। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए जहां 1000 से अधिक वोटर थे, वहां 82 सहायक मतदान केंद्र बनाये गये ताकि सामाजिक दूरी का पालन हो सके। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी राजेश्वरी बी ने कहा कि मतदान केंद्र पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। 11 सखी तथा 45 मॉडल बूथ बनाये गये हैं। 11 सखी बूथों पर 4 पोलिंग पर्सनल महिलाएं होंगी। इन सखी बूथों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेंगे। सभी जरूरी सुविधाएं इन सभी मतदान केंद्र पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि 45 आदर्श मतदान केंद्र बनाये गये हैं। वहीं, 76 मतदान केंद्रों को वेबकास्टिंग के लिए चिह्नित किया गया है। वेबकास्टिंग के जरिये मतदान की संपूर्ण गतिविधियों पर सीधे भारत निर्वाचन आयोग की निगरानी रहेगी। वहीं, 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट की गाड़ियों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम होगा। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को कोविड-19 से डरने की आवश्यकता नहीं है। वे निडर होकर मतदान करने अपने मतदान केंद्र पर पहुंचें। मतदान केंद्रों में मतदाताओं की सुरक्षा का भी पूरा ख्याल रखा गया है।

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मतदान केंद्र पर थर्मल स्कैनर, सेनिटाइजर और मास्क की व्यवस्था की गयी है। वैसे मतदाता जिसमें कोविड-19 से संबंधित लक्षण होंगे उन्हें अंतिम समय में मतदान कराया जायेगा। इसके अलावा सभी पोलिंग पार्टियों की भी कोविड-19 की जांच की गयी है। सुबह छह बजे पोलिंग पार्टी मॉक पोल करेंगे। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टी को कोविड-19 से संबंधित कई निर्देश दिये गये हैं। साथ ही कोविड-19 से बचाव से संबंधित सारी सामग्री दी गयी है। मतदान के क्रम में मतदान कर्मियों की ओर से प्रयोग में लाये गये फेस शील्ड, मास्क और ग्लब्स को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए बायो बैग का प्रयोग किया जायेगा। पोलिंग पार्टी को मास्क उपलब्ध कराया जायेगा ताकि कोई भी मतदाता बिना मास्क के आये तो उन्हें मास्क पहनाकर वोट कराया जाये। वहीं, तापमान चेक करने के लिए स्वास्थ्य कर्मी भी रहेंगे। दिव्यांगजनों तथा 80 वर्ष से अधिक उम्र के वोटरों के लिए व्हील चेयर और वाहन की व्यवस्था रहेगी। कोविड-19 महामारी को देखते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गठित 12 टीमों की ओर से 80 वर्ष से अधिक उम्र तथा दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करायी गयी थी। दुमका और मसलिया प्रखंड से कुल 484 इस श्रेणी के मतदाताओं से 12डी के जरिये आवेदन मिले हैं। 446 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने डाक मतपत्र से मतदान किया। पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय विजय कुमार ने कहा कि मतदान केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। केंद्रों पर पारा मिलिट्री फोर्स की नजर रहेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version