रांची। विधानसभा से सरना आदिवासी धर्म कोड का प्रस्ताव पारित होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गुरुवार को राष्ट्रीय आदिवासी सरना धर्म रक्षा अभियान के प्रतिनिधिमंडल ने बधाई दी। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान सीएम मांदर की थाप पर झूमे भी। मुख्यमंत्री ने आदिवासी सरना समाज द्वारा मिले सहयोग पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि बुधवार का दिन हम सभी के लिए काफी ऐतिहासिक था। झारखंड विधानसभा से सरना आदिवासी धर्मकोड को लेकर ना सिर्फ झारखंड, बल्कि पश्चिम बंगाल और ओड़िशा समेत कई इलाकों में लोग खुशियां जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस दिशा में यह पहला कदम है। हमें कई और सीढ़ियां चढ़नी हैं। हमें विश्वास है कि हमने जो कदम बढ़ाये हैं, उसकी गूंज पूरे देश में सुनाई देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी सरना धर्मकोड को लेकर वह पिछले 15 दिनों से लगातार प्रयासरत थे। इसके लिए लगातार विचार विमर्श करते आ रहे थे। अब सुखद अनुभूति हो रही है। मन को शांति और दिल को काफी सुकून मिला है।
अभी हमें कई लड़ाइयां लड़नी हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरना आदिवासी धर्म कोड को लेकर अभी कई लड़ाइयां लड़नी हैं। केंद्र सरकार से इसे हर हाल में लागू कराना है, ताकि आगामी जनगणना में इसे शामिल किया जा सके। इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली है। आदिवासी सरना समाज को उसका हक और अधिकार मिले, इसके लिए हमारे कदम कभी नहीं रुके हैं। हम आगे बढ़ते ही रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी सरना धर्म कोड के प्रावधानों को लागू करने में अभी कई अड़चनें हैं। इन बाधाओं को कैसे दूर किया जाये, इसके लिए आदिवासी समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठनों के साथ आगे भी विचार-विमर्श किया जायेगा। हम इस मामले को पार्टी और धर्म से ऊपर उठकर देख रहे हैं और इसमें सभी का सहयोग लिया जा रहा है।
समाज को एकजुट करने का काम हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज को देश के स्तर पर एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
बधाई देनेवालों में शामिल : मुख्यमंत्री को बधाई देने वालों में सरना धर्म गुरु बंधन तिग्गा, डॉ करमा उरांव, सुशील उरांव, सोमा मुंडा, नरेश मुर्मू, शिवा कच्छप, जयपाल मुर्मू, रवि तिग्गा, निर्मल पाहन, संजय तिर्की, चंपा कुजूर, रेणु उरांव, बलकु उरांव, प्रदीप तिर्की, कमल उरांव, दुर्गावती और नारायण उरांव समेत अन्य शामिल थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

