खूंटी। प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के उग्रवादियों ने तपकारा थाना क्षेत्र के डेरांग पाहन टोली में गोपाल गुड़िया (45) नामक किसान को गोलियों से छलनी कर दिया। घटना शनिवार रात की है।

जानकारी के अनुसार पीएलएफआई के चार उग्रवादी रात को फटका पंचायत के डेरांग पाहन टोली गांव में गोपाल गुड़िया के घर पहुंचे और आंगन में ही गोपाल पर गोलियों की बौछार कर दी। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस बात के संकेत मिले हैं कि दो लाख के इनामी उग्रवादी संतोष कंडुलना के दस्ते ने घटना को अंजमा दिया है। हालांकि, पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

घटना की जानकारी मिलते ही तोरपा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश तिवारी, इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह, तपकरा थाना के एसआई अरविंद कुमार व रंजीत किशोर घटनास्थल पर पहुंचे और गोपाल के शव को को कब्जे में लिया। पुलिस ने आसपास के इलाके में खोजबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से एके 47 के छह खोखे बरामद किये हैं। रविवार को भी पुलिस ने मृतक के स्वजनों और गांव के अन्य लोगों से घटना की जानकारी ली।

इस घटना के बारे ग्रामीणों ने बताया कि रता को गोपाल अपने घर के पास ही गांव के ही अन्य लोगों के साथ अलाव जलाकर बैठा था। उसी दौरान हथियारबंद उग्रवादी वहां पहुंचे और गोपाल को उस जगह से उठा कर कुछ दूर ले गए और उसके पेट में ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। घटना के बाद से सभी उग्रवादी फरार हो गए। इस संबंध में इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह का कहना है कि पुलिस की जांच में यह बात पता चली है कि इस घटना को पीएलएफआई के उग्रवादियों ने अंजाम दिया है। जल्द ही हत्या में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version