रांची । रांची में सिरमटोली से मेकॉन तक बन रहे फ्लाईओवर निर्माण में भाजपा ने घोटाले की आशंका व्यक्त की है। इसे लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने ट्विटर के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल पूछा है। इस काम में 100 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की भी बात कही है। उन्होंने आशंका जताते कहा है कि मुख्यमंत्री के विभाग में 100 करोड़ का घोटाला सामने आने को है।
दीपक प्रकाश ने कहा कि रातु रोड में फोरलेन का निर्माण केंद्र सरकार के स्तर से किया जा रहा है। इसमें सिड्यूल रेट से भी कम 18 प्रतिशत कम दर रखी गयी है लेकिन सिरमटोली से मेकॉन तक के फ्लाईओवर निर्माण में रीटेंडर की प्रक्रिया किए बगैर सीधे 25 प्रतिशत का इजाफा कर दिया गया। मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे झारखंड की जनता को बताएं कि इस 100 करोड़ के राजस्व नुकसान के षड्यंत्र में कौन-कौन लोग संलिप्त हैं।
उल्लेखनीय है कि सिरोमटोली चौक के नजदीक पटेल चौक और राजेंद्र चौक होते हुए मेकॉन गोलंबर तक फोरलेन फ्लाईओवर का निर्माण कार्य किया जाना है, जिसकी लंबाई 2.34 किलोमीटर है। इस परियोजना पर 339.69 करोड़ खर्च होंगे। इस काम को पूरा करने का जिम्मा एलएंडटी को दिया गया है। सड़क को 20 महीने में तैयार किया जाना है। इसमें 132 मीटर का केबल स्टेयड ब्रिज भी है। हेमंत सरकार ने सिरमटोली से मेकॉन तक फ्लाईओवर का कार्य सिड्यूल रेट से 25 प्रतिशत अधिक दर पर कंपनी को दिया है। इस पर सवाल है। इस कार्य में रिटेंडर की प्रक्रिया नहीं अपनाए जाने से आशंकाएं खड़ी हो रही हैं। किन्हीं कारणों से सिरमटोली से मेकॉन तक के फ्लाईओवर निर्माण कार्य में रीटेंडर की प्रक्रिया नहीं की गई। सीधे 25 प्रतिशत का इजाफा कर दिया गया।