रांची। झारखंड प्रदेश सहिया संघ के बैनर तले चल रहा धरना स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के आश्वासन के बाद शनिवार को समाप्त हो गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हमारी सहिया राज्य के स्वास्थ्य विभाग की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके मानदेय में बढ़ोतरी का मामला केंद्र और राज्य से जुड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री भी सहिया के प्रति संवेदनशील हैं।
उन्होंने कहा कि बीच का रास्ता निकालने को लेकर विचार कर रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया से सहियाओं के लिए कई बार बात की है। मेरा व्यक्तिगत मानना भी है कि इनका मानदेय कम है। गरीब का बेटा हूं और गरीबों का दर्द भलीभांति समझता हूं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से भी इस संबंध में हमारी बातचीत हुई है। बहुत जल्द विभाग के अपर मुख्य सचिव, सहिया के प्रतिनिधि, बगोदर विधायक बिनोद सिंह, पूर्व विधायक अरूप चटर्जी मिलकर बैठक करेंगे। उनकी समस्याओं का हल करने का प्रयास करेंगे।
मौके पर बगोदर के पूर्व विधायक बिनोद सिंह ने कहा कि सहियाओं की मांग जायज है। वे इनकी मांगों का समर्थन करते हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी घर की दहलीज लांघ कर इन्होंने झारखंड के लोगों को सुरक्षित रखने की कोशिश की। जितनी मेहनत सहिया करती हैं, उतनी राशि भी नहीं मिलती है।
इस दौरान संघ की अध्यक्ष माया सिंह, सचिव रूपा सिंह, लक्ष्मी देवी, रितु उरांव, ममता देवी, कलेहा खातुन सहित अन्य मौजूद थीं।
उल्लेखनीय है कि झारखंड प्रदेश सहिया संघ के बैनर तले रांची में राज्यस्तरीय धरना के पहले दिन गुरुवार को राजभवन के समक्ष प्रदर्शन किया गया। इसके बाद बीते दो दिनों से सहिया मोरहाबादी मैदान में 18 हजार रुपये प्रति माह मानदेय करने और स्थायीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही थीं।