रांची: सीएनटी और एसपीटी एक्ट में संशोधन के खिलाफ झारखंड आदिवासी संघर्ष मोर्चा सहित 42 संगठनों ने शुक्रवार को झारखंड बंद बुलाया है। इसको लेकर राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इतंजाम किये गये हैं। बंद को लेकर पुलिस लाइन में एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने बंद के दौरान तैनात पुलिसकर्मियों को कई दिशा-निर्देश दिये। बंद को लेकर यहां मॉक ड्रिल भी की गयी। मौके पर श्री द्विवेदी ने कहा कि बंद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया है कि कहीं भी समर्थक दिखें तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार करें। आपात स्थिति से निबटने के लिए एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन ,वाटन कैनन और आंसू गैस को शहर में कई जगहों पर तैनात किया गया है। सुरक्षा के संपूर्ण प्रभार में एसडीओ आदित्य कुमार आनंद और बुंडू एसडीओ आकांक्षा को रखा गया है।
धारा 144 लागू
बंद के दौरान रांची सदर में धारा 144 लगायी गयी है। धारा 144 दो दिसंबर को सुबह 5 बजे से लेकर रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस संबंध में गुरुवार शाम निषेधाज्ञा जारी की गयी है। एसडीओ आदित्य आनंद ने बंद को लेकर धारा 144 लगाने का निर्देश दिया है।
वार्डन को चेतवानी
बंद के मुद्दे पर रांची जिला प्रशासन ने सेंट जेवियर्स कॉलेज और लोयला कॉलेज के वार्डनों को चेतावनी दी है। बंद के पहले गुरुवार को प्रशासन ने दोनों वार्डन के साथ बैठक की, जिसमें कहा गया है कि बंद जैसे असंवैधानिक गतिविधियों में छात्रों को शामिल नहीं होने दें। इन्हें हॉस्टल से निकलने नहीं दें। बैठक की अध्यक्षता एडीएम लॉ एंड आॅर्डर गिरिजा शंकर प्रसाद ने की। बैठक में सिटी एसपी किशोर कौशल समेत अन्य पुलिस अफसर शामिल थे।
वीडियोग्राफी भी
इस दौरान कैंप जेल बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम को बनाया गया है। प्रशासन कल की बंदी को लेकर पूरी तरह से तैयार है। समर्थकों की वीडियोग्राफी के साथ-साथ स्टिल फोटोग्राफी भी करायेगी। 25 नवंबर की बंदी के दिन शहर में हुए उपद्रव को लेकर इस बार प्रशासन कड़ी कार्रवाई के मूड में है। गुरुवार को डीसी मनोज कुमार और एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने संयुक्त आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत करीब 175 मजिस्ट्रेट, शहर के 45 थाना और ओपी को गश्ती करने और बंद समर्थकों पर नजर रखने का आदेश दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था 16 जोन में बांट कर की जायेगी। इस बार कई जगहों पर बैरिकेडिंग भी की गयी है।
राजधानी के निजी स्कूल बंद
बंद को देखते हुए राजधानी के तमाम निजी स्कूल प्रबंधन ने स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है। कई ऐसे स्कूल, जहां शनिवार को छुट्टी रहती है, वे शनिवार को खुले रहेंगे।
झारखंड बंद आज, रांची में मॉक ड्रिल और दुमका में फ्लैग मार्च
Previous Articleआज से शुरू होगा झारखंड को कैशलेस बनाने का अभियान
Next Article बादशाह गिरोह का सरगना गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment